मिशन चहक : घरेलू महिला कामगारों के लिए हांसी में आयोजित शिविर में 382 महिलाओं ने लिया हिस्सा

यूनिक हरियाणा  हांसी, 19 मार्च।

   घरेलू महिला कामगारों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा चलाए गए मिशन चहक के तहत शुक्रवार को एसडी महिला महाविद्यालय हांसी में अभी तक का सबसे बड़ा शिविर आयोजित किया गया जिसमें 382 महिलाओं ने हिस्सा लिया। मंडल आयुक्त चंद्र शेखर इस अवसर पर बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे।


   अपने संबोधन में आयुक्त चंद्र शेखर ने उपस्थितजनों से आह्वïान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा अवश्य दिलाएं। यदि बच्चे अच्छे पढ़-लिख जाते हैं तो उन्हें जीवनयापन के लिए किसी के सहारे की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रहीं हैं। इसी प्रकार से उनकी सुरक्षा के लिए कानून के प्रावधान भी किए गए हैं।  अभी तक के अनुभवों से पता चलता है कि जानकारी के अभाव में बहुत सी महिलाएं विभिन्न योजनाओं के लाभ लेने से वंचित हैं। उन्हें अपने कानूनी अधिकारी की भी जानकारी नहीं है।
आयुक्त ने मिशन चहक अभियान को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के लिए पंजीकृत करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न कानूनी पहलुओं तथा अधिकारों की भी जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत मिशन चहक पुस्तिका जारी की गई है जिसमें सरकारी योजनाओं तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न कानून, अधिनियम तथा अधिकारों की समस्त जानकारी है।
   शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला अटोर्नी, स्वास्थ्य विभाग, वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी व कर्मचारी, जिला बाल तथा महिला सरंक्षण अधिकारी, रैडक्रॉस, श्रम विभाग, समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, कल्याण विभाग इत्यादि विभागों ने प्रदर्शनी लगाकर घरेलू महिला कामगारों को उनके अधिकारों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर एसडीएम हांसी डॉ. जितेंद्र अह्लïावत, एनीमिया मुक्त हिसार अभियान के नोडल अधिकारी रविंद्र लोहान, सीएमओ डॉ. रत्ना भारती व एसएमओ डॉ. बुद्घिराजा, प्रधान वासुदेव गोयल, प्राचार्य डॉ राकेश गुप्ता, उपनिदेशक अशोक नैन, नीलम राय, धर्मवरी, मंत्रणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।