नियमानुसार व निष्पक्ष होकर सभी कर्मचारी करें काम - निगम आयुक्त अशोक गर्ग
 हाउस टैक्स शाखा का किया निरीक्षण, व्यवस्था बनाने के दिये आदेश 

हिसार। 23 सितंबर 

नगर निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने बुधवार को हाउस टैक्स ब्रांच के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कार्यकारी अधिकारी अमन ढांडा, सुपरिटेंडेंट कैलाश चंद्र भी मौजूद रहे। नगर निगम आयुक्त अशोक गर्ग कहा कि नगर निगम की हाउस टैक्स शाखा में पहले स्टॉफ कम था, लेकिन अब नया स्टाफ आ गया है।इसलिए काम सुचारु रुप से चलना चाहिये। नियमानुसार व सिस्टम के साथ सभी कर्मचारी अपना काम करें और किसी के दबाव में आकर कोई गलत कार्य न करें। ईमानदारी व निष्ठा के साथ काम करते हुये, निर्धारित समय पर काम पूरा करें। 

निगमायुक्त अशोक गर्ग ने कहा कि कोई भी बाहरी व्यक्ति हाउस टैक्स शाखा के अंदर नहीं आना चाहिये। यदि ऐसा पाया जाता है तो  उसे बुलाने वाले व सिफारिश करने वाले सभी को चार्जशीट किया जाएगा। जनप्रतिनिधि जनता के चुने हुये सदस्य है और हमें उनका सम्मान करना है। जनप्रतिनिधियों के लिये विशेष रूप से शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।

निगम आयुक्त ने आदेश दिये कि सभी पुरानी फाइलें रजिस्टर में दर्ज करके स्टाफ मे डील करने के लिए एरिया अनुसार बांट दें।  इतना ही नहीं, प्रतिदिन आने वाले फाइलों का निपटान भी प्रतिदिन होना चाहिये। कोई फाइल गुम गई है, मिल नहीं रही है और कई दिनों से दराज में रखी हुई थी। इस प्रकार की शिकायत नहीं आनी चाहिये। अकाऊंटेंट अंशुल को निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक फाइल सिस्टम के साथ चलनी चाहिये। जिस नंबर से फाइल आई है, उसी अनुरूप काम होना चाहिये। 

नये क्लर्कों के साथ नगर निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने अपने कार्यकाल के अनुभव सांझा किये। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी  जनता व जनप्रतिनिधियों से शालिनता व प्रेम के साथ बात करें। कोई व्यक्ति यदि दबाव बनाकर आपको गुस्सा दिलाने की कोशिश करें, तो आपको गुस्सा नहीं होना है।  रामचंद्र, मोहित, रिंकू व नवीन आदि नए कर्मचारियों  ने अपने अनुभव निगम आयुक्त को बताये। निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने उनके अनुभव सुनने के बाद काम के दौरान उनको होने वाली परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए कार्यकारी अधिकारी अमन ढांडा व एमई प्रवीण वर्मा को समाधान करने के निर्देश दिये। 

---

हाउस टैक्स शाखा का किया निरीक्षण 

निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने हाउस टैक्स शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने जनता व कर्मचारियों की सुविधा के अनुरूप शाखा को अपग्रेड करने के निर्देश दिये। कर्मचारियों के बैठने, काउंटर, फर्नीचर व पंखे आदि सभी में बदलाव करने के निर्देश दिये ताकि कर्मचारी सुविधाजनक तरीक़े से अपना काम कर सके।