महिला हेल्प लाइन व सी.एम. विंडो बने सफेद हाथी : संजय चौहान

हिसार 19 जून : जय भीम आर्मी व सनातन धर्म चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन संजय चौहान ने आज जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में महिला हेल्पलाइन व सी.एम. विंडो को सफेद हाथी बताते हुए कहा कि महिला हेल्प लाइन व सी.एम. विंडो केवल दिखावा मात्र बनकर रह गई हैं। उन्होंने गत 9 जून को कैमरी रोड श्याम विहार कालोनी में घटित हुई घटना के बारे में बताते हुए कहा कि श्याम विहार कालोनी निवासी घर पर अकेली महिला के साथ मारपीट की शिकायत महिला हेल्प लाइन को दी गई लेकिन महिला हेल्प लाइन की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई। जब घायल महिला को सिविल हस्पताल में दाखिल करवाया गया तब अस्पताल की ओर से पुलिस को बुलाने पर 4 घंटे बाद पुलिस अस्पताल में पहुंची। इसके बाद उसी दिन आरोपियों द्वारा पीडि़त पक्ष के घर पर आकर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। उसके बाद आरोपियों ने 12 जून को गाडिय़ों में आकर उन्हें फिर से डराने का प्रयास किया तब भी महिला हेल्पलाइन को सूचित किया गया लेकिन हेल्पलाइन ने इस पर भी कोई संज्ञान नहीं लिया और कोई पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
शिकातकर्ता एवं पीडि़त महिला के पुत्र विकास जांगड़ा ने इसकी शिकायत उसी दिन सी.एम. विंडो पर दर्ज करवाई लेकिन सी.एम. विंडो की ओर से भी अभी तक कार्यवाही की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। जबकि इसके बाद विकास आरोपियों द्वारा समझौते का दबाव बनाने ओर उनके परिवार को बार-बार डराने धमकाने संबंधी शिकायत एक बार फिर से सी.एम. विंडो पर दर्ज करवा चुका है। महिला हेल्प लाइन व सी.एम. विंडो की ढुलमुल कार्य प्रणाली को देखते हुए लग रहा है कि ये केवल दिखावे के लिए हैं और जब लोगों को न्याय व इनकी सेवाओं की आवश्यकता होती है तो उन्हें यहां से केवल निराशा ही मिलती है। वहीं अब आरोपियों ने उल्टा पीडि़त पक्ष पर ही समझौते के दबाव के लिए झूठा केस दर्ज करवा दिया है जिस पर भी पुलिस को आरोपियों पर कानूनी कार्यवाही करनी चाहिए लेकिन जिस तरह से इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को छूट दे रखी है और उन्हें अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है इससे पुलिस की भी इसमें मिलीभगत नजर आ रही है। पीडि़त पक्ष द्वारा सी.एम. विंडो, मानवाधिकार आयोग, गृह मंत्री, डीजीपी, आईजी हिसार व एसपी हिसार को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
संजय चौहान ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और सरकार महिलाओं की सुरक्षा का ढोंग कर रही है। दिन-दहाड़े अकेली महिला के साथ मारपीट करने के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना इस बात का प्रमाण है। उन्होंने सनातन धर्म चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से मांग की कि इस मामले में तुरंत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उन पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाए और पीडि़त परिवार को सुरक्षा एवं न्याय प्रदान किया जाए।