कल दोपहर में कुछ समय के लिए छा जाएगा अंधेरा

 यूनिक हरियाणा नई दिल्ली, 20 जून : 21 जून को साल 2020 का पहला सूर्य ग्रहण लगने वाला है। यह ग्रहण वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा जिसमें सूर्य के चारों तरफ कंगन के आकार की छवि दिखाई देगी। इस सूर्य ग्रहण में चांद सूर्य को केंद्र से कवर करेगा, जिससे सूर्य का किनारे का गोलाकर कुछ भाग दिखेगा, जिसे रिंग ऑफ फायर कहा जाता है। ये ग्रहण रविवार की सुबह 9:15 बजे सूर्य ग्रहण शुरू हो जाएगा और 12:10 बजे दोपहर में कुछ देर के लिए हल्का अंधेरा सा छा जाएगा। इसके बाद 03:04 बजे ग्रहण समाप्त होगा। यानी करीब 6 घंटे का लंबा ग्रहण होगा। ग्रहण से एक दिन पहले ही सूतक काल शुरू हो जाएगा। ग्रहण का सूतक काल शनिवार यानि कि 20 जून की रात 09:25 से शुरू हो जाएगा। ग्रहण लगने के 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है। सूतक के समय को सामान्यता अशुभ माना जाता है। इस दौरान शुभ कार्य करना वर्जित होता है। सूर्य ग्रहण भारत के अलावा अमेरिका, दक्षिण पूर्व यूरोप और अफ्रीका में भी दिखाई देगा। इस दौरान मंदिर के कपाट भी बंद कर दिया जाता है ताकि भगवान तक भी ग्रहण का अशुभ प्रभाव न पहुंच सके। सूतक में खाना नहीं बनाया जाता है। सूतक में गर्भवती महिलाओं पर ग्रहण का अशुभ प्रभाव सबसे ज्यादा पड़ता है इसलिए ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए। सूतक काल का समय अशुभ होता है क्योंकि इस दौरान राहु सूर्य और चंद्रमा का ग्रास कर लेता है। बता दें कि जब सूर्य और पृथ्वी के बीच में चंद्रमा आ जाता है और सूर्य की किरणें पृथ्वी तक नहीं पहंच पाती हैं तो इस स्थिति को सूर्य ग्रहण कहते हैं।