ऐतिहासिक होगी प्रदेश के इतिहास की पहली वर्चुअल रैली: गंगवा
हिसार, 13 जून।  

प्रदेश के इतिहास की पहली वर्चुअल रैली में केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला जनता से सीधा संवाद करते हुए भविष्य का रोडमैप रखेंगे। रविवार को होने वाली भाजपा की वर्चुअल रैली वास्तविक रैली जैसी ही होगी। 

यह बात हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा ने रैली की तैयारियों के संदर्भ में शनिवार को आजाद नगर स्याहड़वा तथा आर्य नगर मंडल के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर उन्होंने सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में लोगों को रैली के साथ जोड़ने का कार्य करें। वर्चुअल रैली के लिए वाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर और टेलीग्राम के जरिए लिंक भेजकर लोगों को निमंत्रण दें। डिजिटल माध्यमों का प्रयोग करने वाले लोग पार्टी की ऑफिशियल साइट, फेसबुक और ट्विटर लिंक से जुड़कर अपने घर बैठे रैली स्थल से अपने नेताओं के संबोधन को सुन सकंेगे।

उन्होंने बताया कि रैली का लाइव प्रसारण सिटी केबल तथा फास्टवे केबल के साथ-साथ विभिन्न न्यूज चैनलों पर भी होगा। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि भाजपा केंद्र सरकार के दूसरे कार्यकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंची है। पंचकूला से संचालित होने वाली जन संवाद रैली को केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी डॉ. अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला संबोधित करेंगे। रैली में प्रदेश के 11 जिले करनाल, पानीपत, यमुनानगर, कैथल, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, जींद और फतेहाबाद के लाखों लोग सोशल मीडिया व टीवी के माध्यम से ऑनलाइन जुड़ेंगे। 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वर्चुअल रैली करने का निर्णय लिया है। यह वर्चुअल रैली साक्षात रैली के स्वरूप जैसी होगी बस इसमें लोग ऑनलाइन और सोशल माध्यम से जुड़ेंगे। इस अवसर पर कृष्ण सरसाना, लक्ष्मी नारायण उर्फ घोलू गुर्जर, मंडल अध्यक्ष अनवेश यादव, भूप सिंह खिचड़, बलजीत फोगाट, अनिल गोदारा, सरजीत मुकलान, नरेश सोनी, सुनीता रेड्डू व राजेंद्र चुटानी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।